राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन में गीता थिएटर का जागरूकता नुक्कड़ नाटक
1 min read
जमशेदपुर: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन परिसर में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित नाट्य ट्रस्ट गीता थिएटर के युवा कलाकारों द्वारा सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों व उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तेज गति से वाहन चलाना, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना, नशे में ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी जैसे गंभीर विषयों को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कलाकारों ने यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और थोड़ी-सी सावधानी से अनेक कीमती जानें बचाई जा सकती हैं।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन कार्यस्थल के साथ-साथ समाज में भी सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस तरह की रचनात्मक गतिविधियाँ लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाती हैं। दर्शकों व कर्मचारियों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का स्वयं पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। नाटक में शराबी की भूमिका में आलेख झा, तेज रफ्तार वाहन चालक के रूप में आयुष यादव, लापरवाह कर्मचारी की भूमिका में अनिल सरदार, सूत्रधार व चिड़चिड़ी पत्नी के रूप में गीता कुमारी, सोशल मीडिया में व्यस्त पति की भूमिका में प्रेम दीक्षित, ट्रक ड्राइवर के रूप में आकाश साहू और राखी के दिन भाई का इंतजार कर रही बहन की भूमिका में प्रतिज्ञा पांडे ने सशक्त अभिनय किया।गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने मीडिया को बताया कि उनकी संस्था टाटा स्टील, आधुनिक पावर कंपनी सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों और जिला परिवहन विभाग सरायकेला के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटकों का मंचन करती रही है तथा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा पर आधारित झांकी भी प्रस्तुत की गई थी।

वहीं नाट्य ट्रस्ट के सचिव प्रेम दीक्षित ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह 31 जनवरी 2026 को टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में आयोजित होगा, जिसमें गीता थिएटर के कलाकार इसी नुक्कड़ नाटक का मंचन करेंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में आधुनिक पावर प्लांट के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के लिए गीता थिएटर को सम्मानित भी किया गया है।
