पूर्व RAW प्रमुख आलोक जोशी बने NSAB के नए अध्यक्ष, मोदी सरकार ने बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का किया पुनर्गठन
1 min read
न्यूज़टेल डेस्क:भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद, मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड (NSAB) का पुनर्गठन किया है और इसमें पूर्व RAW प्रमुख आलोक जोशी को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह कदम देश की रणनीतिक तैयारियों और आतंकी खतरों से निपटने के इरादे से उठाया गया है।

पुनर्गठित NSAB में सात नए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है, जिनमें तीनों सेनाओं से रिटायर्ड अधिकारी—एयर मार्शल पी.एम. सिन्हा, लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. सिंह और रियर एडमिरल मोंटी खन्ना—शामिल हैं। साथ ही, दो पूर्व IPS अधिकारी और एक IFS अधिकारी को भी इस बोर्ड में जगह दी गई है। यह बोर्ड अब राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रधानमंत्री को आतंकवाद, साइबर खतरों, और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से जुड़ी रणनीतियों पर सलाह देगा।

आलोक जोशी के पास खुफिया ऑपरेशनों और रणनीतिक मामलों में वर्षों का अनुभव है। 2012 से 2014 तक RAW प्रमुख रहते हुए उन्होंने म्यांमार और पाकिस्तान से संबंधित कई गुप्त ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उनकी नियुक्ति को भारत की सख्त रणनीति और मौजूदा संकट को मजबूती से संभालने की दिशा में अहम माना जा रहा है। NSAB का यह नया स्वरूप आने वाले समय में भारत की सुरक्षा नीति को नई दिशा देगा।