FLOOD UPDATE: झारखंड में दिखने लगा बाढ़ का प्रकोप, कई विमान रद्द, बिजली गुल, 7 व्यक्ति बाढ़ में बहे…
1 min read
न्यूज़ टेल/झारखंड: रांची समेत झारखंड में 24 घंटे से हो रही बारिश ने राजधानी समेत पूरे प्रदेश में तबाही मचाई। बारिश से लगभग सभी नदियां उफान पर हैं। इस दौरान डॉक्टर और बैंकर्स समेत सात लोग सैलाब में बह गए। इनमें पांच रांची के हैं। इनमें से दो लोगों का शव बरामद कर लिया गया है। दो लोग गुमला में भी बहे हैं। तेज हवा के कारण रांची में डेढ़ दर्जन, समेत राज्य में 150 से अधिक घर जमींदोज हो गए।
बारिश के कारण राज्य की अधिकांश नदियों में उफान है। चांडिल डैम के सात रेडियल गेट एक-एक मीटर खोल दिए गए हैं। इससे जमशेदपुर के निचले इलाकों में पानी फैल गया है। इसे देख इन इलाकों को खाली करने की मुनादी कराई गई है। खरकाई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से छह मीटर ऊपर बह रहा है। पानी के बढ़ते दबाव के कारण तेनुघाट डैम के तीन मेन गेट खोल दिए गए हैं।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक चाईबासा में 191.6 मिमी बारिश हुई। रामगढ़ में 142.2 व जमशेदपुर में 137.2 मिमी बारिश हुई। राज्य में एक जून से अब तक 494.3 मिमी बारिश हुई जबकि बीते 24 घंटों में 58.0 मिमी वर्षा हुई।
खराब मौसम के चलते सुबह से किसी भी एयरलाइंस का विमान रांची नहीं उतर पाया। इंडिगो ने अपनी आठ फ्लाइट रद्द कर दी। इनमें मुंबई, अहमदाबाद, पटना, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु एवं पुणे की फ्लाइट शामिल है। इसके अलावा पांच विमानों को डायवर्ट किया गया।
डॉक्टर और बैंकर्स समेत रांची के पांच लोग रामगढ़ के बासल इलाके में नलकारी नदी की तेज धार में दो कार के साथ बह गए। दो लोगों का शव पतरातू इलाके से बरामद किया गया। अन्य लोग का कोई सुराग नहीं मिला है। रांची के मिसिर गोंदा निवासी स्नेह स्मृति भाई विवेक और गांधी नगर निवासी मित्र डॉ देवाशीष संग पिकनिक मनाने निकले। उनके साथ गांधीनगर का ही सुमित व समीर भी हो लिए। स्नेह जमशेदपुर में सहायक बैंक प्रबंधक थी देवाशीष रिम्स के छात्र रह चुके हैं।