झारखंड के CM हेमंत सोरेन का नाम लेकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को किया फोन, एफआईआर दर्ज
झारखंड के रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बताकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को फोन कर परेशान किया। इस दौरान आरोपी ने उनकी पत्नी से बात कराने की भी जिद की। घटना 15 नवंबर की रात 9:50 बजे हुई थी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले में गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कॉल का ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपा गया है, जिसमें बातचीत स्पष्ट सुनाई दे रही है। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है और कॉल करने वाले की पहचान के लिए ट्रैकिंग की जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि यह घटना मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास प्रतीत होती है, जो गंभीर और निंदनीय है।