हर घर कॉपी, हर हाथ कलम अभियान का दूसरा सफल आयोजन।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन की स्मृति में शुरू किए गए “हर घर कॉपी, हर हाथ कलम अभियान” का दूसरा कार्यक्रम भोजपुर कॉलोनी, बारीडीह बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच कॉपियां, कलम और अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्य अतिथि कुणाल षाड़ंगी ने स्व. रामदास सोरेन के सपनों को किया याद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं बहरगोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि स्व. रामदास सोरेन का सपना था कि झारखंड का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यह अभियान उनके विचारों और सपनों को साकार करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को लगातार जारी रखना होगा, ताकि यह एक जन-आंदोलन का रूप ले सके।

अंकित सिंह ने किया संकल्प, गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान
अभियान के संयोजक अंकित सिंह (पूर्व जिला कोषाध्यक्ष, झामुमो युवा मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम) ने भावुक होकर कहा कि स्व. रामदास सोरेन न सिर्फ एक जननेता थे बल्कि शिक्षा के सच्चे प्रहरी भी थे। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का सपना देखा था। अंकित सिंह ने कहा कि उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है, लेकिन उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने संकल्प लिया कि यह अभियान गांव-गांव और बस्ती-बस्ती तक पहुंचाकर जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।