भावभीनी विदाई–2026: डी.ए.वी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई स्नेहिल विदाई
1 min read
जमशेदपुर:बिस्टुपुर डी.ए.वी पब्लिक स्कूल, बिस्टुपुर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भावभीनी विदाई समारोह “भावभीनी विदाई–2026” का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरानुसार हवन एवं डी.ए.वी गान से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन और स्वागत नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रज्ञा सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि स्वयं को निरंतर श्रेष्ठ बनाते हुए समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा, सहृदयता, विनम्रता, कृतज्ञता, प्रेम और करुणा जैसे मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ शिक्षिकाएं मौसमी भट्टाचार्या एवं अशरफ़ जहां ने भी विद्यार्थियों को निर्भीक होकर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बैंड की धुन ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में ऋषिका (XII-H) एवं अभिनव मिश्रा (XII-C), शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए पुष्पा चाकी (XII-H) तथा बेस्ट स्कॉलर के रूप में कला संकाय से प्रज्ञा शर्मा, वाणिज्य संकाय से श्रेयसी धाल और विज्ञान संकाय से पियूष दास को सम्मानित किया गया। वहीं मिस डी.ए.वी और मास्टर डी.ए.वी प्रतियोगिता में उपविजेता अन्नया राज (XII-H) एवं आयुष झा (XII-A2) तथा विजेता संचिता शारदा (XII-A2) और श्रवण धर्मराजन (XII-C) रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर नम आंखों से विदाई दी गई। विद्यालय के हेड बॉय सत्यम दुबे एवं हेड गर्ल प्रज्ञा शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
