संत जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल बर्मामाइंस में मातृ-पितृ दिवस का भावुक आयोजन, विद्यार्थियों ने किया विधिवत पूजन
1 min read
जमशेदपुर: बर्मामाइंस स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल शाखा में मातृ-पितृ दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कार की भावना को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने विधिवत रूप से अपने माता-पिता का पूजन किया, चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के दौरान कई भावुक क्षण देखने को मिले, जब अभिभावक अपने बच्चों की श्रद्धा और प्रेम को देखकर भाव-विभोर हो उठे। विद्यालय परिसर पारिवारिक स्नेह, आदर और अपनत्व के वातावरण से सराबोर नजर आया।

इस मौके पर स्कूल की को-ऑर्डिनेटर स्वाति झा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता और संतान एक-दूसरे के पूरक हैं तथा एक-दूसरे के बिना अपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता हमारे जीवन के वे मजबूत स्तंभ हैं, जिनके नि:स्वार्थ प्रेम, त्याग और संघर्ष से हमारे व्यक्तित्व की नींव तैयार होती है। उन्होंने बच्चों को सदैव अपने माता-पिता का सम्मान करने और उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के एडमिन के.सी. भारती, कल्चरल हेड चुनकी कुमारी, एग्जामिनर हेड विश्वास त्रिपाठी, वी. निर्मला, अनील कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही। समारोह का समापन सामूहिक आशीर्वाद और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
