डॉ. रामेश्वर उरांव चार दिवसीय दौरे पर आज रांची से दिल्ली के लिए हुए रवाना
1 min readरांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव चार दिवसीय दौरे पर आज रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुए। डॉ. रामेश्वर उरांव के साथ उनके पुत्र रोहित प्रियदर्शी उरांव भी साथ गये हैं। रांची एयरपोर्ट पर उन्हें प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव समेत अन्य नेताओं ने विदाई दी। नई दिल्ली रवाना होने के पहले एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ उरांव ने कहा कि नई दिल्ली दौरे के क्रम में वे प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेयलफेयर एसोसिएशन, पासवा के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का भी उदघाटन करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में कल विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक को लेकर पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि देशभर में विपक्षी एकजुटता की आवश्यकता अब महसूस की जा रही है। सोनिया गांधी सभी प्रमुख विपक्षी दलों की सर्वमान्य नेता है और उन्हीं के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार को पराजित कर दस वर्षों तक यूपीए ने देश पर शासन चलाया था। सोनिया गांधी के नेतृत्व में कल जिस तरह सभी विपक्षी पार्टियों ने एकजुटता दिखाई है। बीजेपी के अंदर स्वाभाविक बेचैनी और छटपटाहट देखी जा सकती है। यूपीए सरकार के दौरान देश में तेजी से विकास हो रहा था और युवाओं को रोजगार मिल रहा था। किसान खुश थे। देश लगातार प्रगति कर रहा था। लेकिन पिछले सात सालों में नरेंद्र मोदी की सरकार में देश का जो हाल हो गया है। वह किसी से छिपा नहीं हैं।
एक प्रश्न के जवाब में डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा जिस तरह से भाजपा कह रही है जंगल राज कायम हो गया है, जनतंत्र में इस तरह की भाषा का कोई स्थान नहीं है, सरकार की सफलता व असफलता पर सरकार की आलोचना का पूरा अधिकार है। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर डा.रामेश्वर उरांव ने कहा कि एक परिपक्व शख्सियत के तौर पर कोरोना महामारी को आपदा घोषित नहीं किए जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की है, सुप्रीम कोर्ट ने भी कोविड-19 को आपदा घोषित करने एवं पीड़ितों को सहायता राशि देने की बात कही है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि पासवा के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए उन्हें भी आज ही दिल्ली जाना था, लेकिन रक्षाबंधन और कुछ निजी कार्यों की वजह से वे आज दिल्ली नहीं जा सके, वे कल दिल्ली के लिए रवाना होंगे।