सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला के छात्र देवऋषि कश्यप को राष्ट्रीय उपलब्धियों पर सम्मान, कर्तव्य पथ से राजभवन तक बढ़ाया मान
1 min read
जमशेदपुर:सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला के बीटेक सिविल तृतीय सेमेस्टर के छात्र देवऋषि कश्यप को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कुलपति ब्रज मोहन पत पिंगुआ और कुलसचिव डॉ नित नयना ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि देवऋषि ने न केवल संस्थान बल्कि झारखंड का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। देवऋषि कश्यप ने नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के दौरान कर्तव्य पथ पर मार्च किया और प्राइम मिनिस्टर रैली 2026 में भी भाग लिया। उन्हें राष्ट्रपति के एट होम कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा आयोजित डिनर में भी सहभागिता की।

इसके अलावा आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी के एट होम समारोह में उपस्थिति दर्ज कराई और मेजर जनरल ए.एस. बजाज (एडीजी बिहार-झारखंड) से एक्सीलेंस सर्टिफिकेट प्राप्त किया, जो 52 कैडेटों के बीच उन्हें प्रदान किया गया। देवऋषि का चयन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 के लिए भी हुआ है और वे 18 फरवरी को राजभवन झारखंड में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। छात्र ने कुलाधिपति प्रभाकर सिंह से भेंट कर अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी और विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के शिक्षकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
