सायरस ने बढ़ाया झारखंड का मान, जापान दौरे के लिए हुए चयनित।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके गोड़ाडीह गांव के छात्र सायरस कुमार दत्ता ने राज्य का नाम रोशन किया है। पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, खुकड़ाडीह में पढ़ाई कर रहे सायरस ने अपनी विज्ञान शिक्षिका कल्पना भगत के मार्गदर्शन में ‘खिड़की सीढ़ी इमरजेंसी एस्केप लैडर’ नामक विज्ञान मॉडल तैयार किया, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर इंस्पायर मानक अवार्ड में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। अब इसी मॉडल के आधार पर उन्हें जापान सरकार द्वारा संचालित सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम के तहत टोक्यो दौरे का अवसर मिला है। सायरस इस कार्यक्रम में झारखंड के एकमात्र छात्र के रूप में शामिल होंगे।

जापान में करेंगे वैज्ञानिक संस्थानों का दौरा, भारत से कुल 54 विद्यार्थियों का चयन।
सायरस 15 से 21 जून 2025 तक जापान में आयोजित कार्यक्रम के तहत टोक्यो व आसपास के वैज्ञानिक व तकनीकी संस्थानों जैसे नेशनल म्यूजियम फॉर नेचर एंड साइंस, राइकेन कंप्यूटेशन सेंटर, स्पेस सेंटर, एडवांस टेक्नोलॉजी गैलरी, ओमिया किता हाई स्कूल आदि का भ्रमण करेंगे। भारत के 20 राज्यों से कुल 54 बच्चों का चयन हुआ है, जिसमें झारखंड से केवल सायरस को अवसर मिला है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल को दिया है। उनके पिता प्रेमजीत दत्ता एक ऑटो चालक हैं, जो अपने बेटे की इस उपलब्धि से बेहद गर्वित हैं।

विद्यालय और गांव में जश्न का माहौल, मिली आर्थिक सहायता और शुभकामनाएं।
सायरस के चयन की खबर मिलते ही उनके गांव गोड़ाडीह और विद्यालय में जश्न का माहौल है। खुकड़ाडीह विद्यालय में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें यूसिल जादूगोड़ा के उप महाप्रबंधक एम. माहली ने सायरस को ₹25,000 का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और समाजसेवियों के सहयोग से दिल्ली यात्रा के लिए आवश्यक सहायता जुटाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के प्रतिनिधि तरुण कुमार ने लंदन में हुए विज्ञान सम्मेलन के अनुभव साझा कर सायरस को यात्रा से जुड़ी सलाह दी। सायरस अब विज्ञान के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।
