कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान यास, उत्तरी और मध्य झारखंड में अभी भी भारी बारिश का अनुमान, कई जिलों में अलर्ट
राँची: चक्रवाती तूफान यास बीते मध्य रात्रि में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के रास्ते प्रवेश कर चुका है और वर्तमान में यह कमजोर होते हुए रांची के आस पास से उत्तर दक्षिणी इलाकों में गुजर रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी झारखंड के मध्य उत्तरी भागों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिणी भाग और उत्तरी पूर्वी भाग में भी भारी बारिश की संभावना है।

विभाग की ओर से झारखंड के मध्य और उत्तर जिलों जैसे रांची, रामगढ़, लोहरदगा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में विशेष एहतियात रखने की जरूरत है। जहां भारी से भारी बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में भी झारखंड में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे ज्यादा बारिश चाईबासा में 207.8 मिलीमीटर, रांची में 151.0, जमशेदपुर में 108.1 चक्रधरपुर में 133.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।