February 27, 2026

NEWS TEL

NEWS

भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण पुलिसिया कार्रवाई से भाजपा आक्रोशित, सांसद संग भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने की एसएसपी से मुलाकात

1 min read

■ सांसद विद्युत महतो ने कहा- जमशेदपुर के इतिहास की सबसे शर्मनाक घटना, निर्दोष आदिवासी कार्यकर्ता के ऊपर पुलिसिया कार्रवाई तालिबानी मानसिकता का संकेत।

जमशेदपुर। पिछले दिनों बोड़ाम पुलिस द्वारा जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र बोड़ाम मंडल के महामंत्री सुखदेव सिंह सरदार एवं अंगद सिंह सरदार को निरपराध होने के बावजूद केवल शक के आधार पर अत्याचार करते हुए हथकड़ी पहनाकर बाजार घुमाया गया था। इस घटना के बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पटमदा, बोड़ाम प्रखंड के ग्रामवासियों में भी खासा आक्रोश देखा जा रहा है। बोड़ाम पुलिस के इस तालिबानी करतूत और हिटलरशाही रवैये के विरोध में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शहर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वाणन से भेंट की। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव के नेतृत्व में सांसद विद्युत वरण महतो के संग पार्टी के प्रतिनिधमंडल ने शहर के एसएसपी और ग्रामीण एसपी को पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है। वरीय पुलिस अधीक्षक को घटना पर जानकारी देते हुए महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक घटना बताया। इस दौरान एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने कांड में शामिल दोषी पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। प्रतिनिधमंडल ने कारवाई नहीं होने तक भाजपा के आंदोलनरत होने की बात बताई।

सांसद विद्युत वरण महतो ने पुलिस के बर्बरतापूर्ण और अमानवीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जमशेदपुर के राजनीतिक इतिहास की सबसे शर्मनाक घटना है। बोड़ाम पुलिस की यह कारवाई हिटलरशाही और निरंकुशता को दर्शाती है। इस घटना ने पुलिस की छवि को भी दागदार कर दिया है। एक निर्दोष आदिवासी भाजपा कार्यकर्ताओं को जिस प्रकार से प्रताड़ित किया गया है वो किसी भी सूरत में क्षमा योग्य नही है। सांसद विद्युत महतो ने मामले की जांच कर संलिप्त पुलिस पदाधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने बताया कि विगत 13 एवं 23 जनवरी को बोड़ाम क्षेत्र के हाथीखेदा मंदिर एवं आजसू के बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष माणिक महतो के घर में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस की जांच के क्रम में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले में धरनीं सिंह को गिरफ्तार किया जो विधायक प्रतिनिधि का छोटा भाई है। धरनीं सिंह ने राजनीतिक प्रतिद्वंदिता में भाजपा के दो पदाधिकारियों सुखदेव सिंह सरदार एवं अंगद सिंह सरदार का नाम भी इस कांड में फंसा दिया। उसके बयान के आधार पर पुलिस भाजपा के दोनों पदाधिकारियों को हथकड़ी लगाकर मंगलवार को थाने ले गई और रातभर बर्बरतापूर्वक पिटाई की एवं बुधवार को सुखदेव सिंह को हथकड़ी एवं कमर में रस्सी बांधकर पूरे साप्ताहिक हाट बाजार में घुमाया। दूसरे दिन कोई साक्ष्य नही मिलने के कारण दोनों को थाने से छोड़ दिया गया। इस घटना ने निरपराध आदिवासी युवा की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को धूल धूसरित कर दिया है। बोड़ाम पुलिस ने बिना जांच के भाजपा कार्यकर्ताओं को आरोपी मान लिया और अमानवीय तरीके से थाना लाकर उन्हें प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना मानवता के नैतिक मूल्यों के आधार पर बहुत ही शर्मनाक है। जिलाध्यक्ष गुँजन यादव ने दोषी पुलिस पदाधिकारी के ऊपर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की मांग की है।

इस दौरान मुख्य रूप से संजीव कुमार, प्रदीप महतो, संजीव सिन्हा, अनिल मोदी, राकेश सिंह, नीलू मछुआ, राजीव सिंह, मुचिराम बाउरी, शांतनु मुखर्जी, प्रधान चंद्र महतो, मंटु, चरण दत्ता, विमल बैठा, काजू सांडिल, बीनानंद सिरका सुबोध झा, समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.