November 5, 2025

NEWS TEL

NEWS

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर भेजा पोस्टकार्ड संदेश, बधाई संदेश के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जताया आभार

1 min read

■ पूर्व सीएम रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, जिलाध्यक्ष गुँजन यादव समेत अन्य नेताओं ने भेजा पोस्टकार्ड।

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर सेवा-समर्पण अभियान के तहत भाजपा जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड के माध्यम से बधाई संदेश भेजा। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव समेत महानगर के सभी मंडलों में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी को शुभकामना संदेश भेजा। पोस्टकार्ड संदेश में कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। साथ ही पिछले सात वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक चलाये जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने मुफ़्त कोरोनारोधी टीका उपलब्ध कराने एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत जरुरतमंद परिवारों तक मुफ्त अनाज पहुंचाने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी को पत्र के माध्यम से जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा किये जा रहे कल्याणकारी कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों के लिए अन्न की व्यवस्था की। देशवासियों को फ्री वैक्सीन उपलब्ध कराई। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर रिकॉर्ड 2.5 करोड़ लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवा कर उनका धन्यवाद किया। पत्र के माध्यम से श्री दास ने ईश्वर से उनके सुदीर्घ व स्वस्थ जीवन की कामना की।

साकची पोस्ट ऑफिस में महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्षों ने पीएम मोदी के दिल्ली स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग के पते पर पोस्टकार्ड को प्रेषित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने बताया कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, सशक्त नेतृत्वकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी को महानगर के सभी 28 मंडलों के कार्यकर्ताओं ने अपने मंडल क्षेत्र के नजदीकी पोस्ट ऑफिस के माध्यम से बधाई और धन्यवाद संदेश भेजा है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी का राजनीतिक जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.