March 2, 2026

NEWS TEL

NEWS

विधानसभा घेराव में भाजपा जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा, जिलाध्यक्ष गूँजन यादव ने कहा डरी हुई है सरकार

1 min read

जमशेदपुर। तुष्टिकरण की राजनीति से प्रेरित विधानसभा भवन में नमाज हेतु अलग कक्ष आवंटन किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा निर्देशित चरणबद्ध आंदोलन के निमित्त बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव किया। विधानसभा घेराव हेतु भाजपा जमशेदपुर महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव के नेतृत्व में रांची कूच किया। बुधवार सुबह साकची स्थित पार्टी कार्यालय से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने झंडे, पोस्टर, बैनर लेकर राँची प्रस्थान किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक दल के नेता पूर्व सीएम बाबुलाल मरांडी एवं प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत अन्य नेताओं के संग विधानसभा घेराव में हिस्सा लिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले, महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने जिला कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सामाजिक भेद करने और वोट बैंक पॉलिटिक्स के मद्देनजर फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों के प्रति राज्य सरकार की उदासीन मानसिकता से प्रदेश की जनता निराश है। सरकार गठन के 20 महीने बाद भी सरकार अपने किसी वादों को पूर्ण नहीं कर पाई है। उनके सभी वादे हवा-हवाई ही साबित हुए हैं। ऐसे में सरकार डरी हुई है और असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ये तुगलकी निर्णय का सहारा लिया है। गुँजन यादव ने कहा कि जब तक यह निर्णय वापस नहीं लिया जाता है तब तक भाजपा कार्यकर्ता सरकार को चैन से बैठने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी परंपरा की शुरुआत करने और प्रदेश की दुर्दशा होते भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं कर सकती। भाजपा ने राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस दौरान भाजपा महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा के जिलाध्यक्ष, मोर्चा के जिला पदाधिकारी समेत सैकड़ों ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव में हिस्सा लेकर विरोध दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.