सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला में स्वर्गीय सोना देवी जी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित
1 min read
जमशेदपुर:सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला (झारखंड) में स्वर्गीय सोना देवी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में एक गरिमामय और भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारीगण, संकाय अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक स्वर्गीय सोना देवी जी को नमन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वर्गीय सोना देवी जी के सादगीपूर्ण, सेवाभाव से परिपूर्ण और समर्पित जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति उनकी गहरी आस्था, सामाजिक चेतना और दूरदर्शी सोच ही सोना देवी विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रेरणा बनी। कार्यक्रम का संचालन सहायक कुलसचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सोना देवी जी ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना और आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करने का स्वप्न देखा, जिसे विश्वविद्यालय आज साकार कर रहा है। कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कुलपति प्रो. डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का माध्यम है, और स्वर्गीय सोना देवी जी के आदर्श विश्वविद्यालय की सभी गतिविधियों को दिशा देते हैं। वहीं कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि स्वर्गीय सोना देवी जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने स्वर्गीय सोना देवी जी की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
