अमरनाथ यात्रा 2025 का शुभारंभ: मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा जम्मू
1 min read
न्यूज़टेल डेस्क:अमरनाथ यात्रा 2025 का शुभारंभ 2 जुलाई को जम्मू से पहले जत्थे की रवाना होने के साथ हुआ। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालु बलटाल और पहलगाम मार्ग से होकर 3 जुलाई को बाबा बर्फानी के पहले दर्शन करेंगे। तीर्थयात्रियों ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत की।

अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष 38 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 9 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। यात्रा के लिए 3.31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। एलजी मनोज सिन्हा ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता इंतजामों की जानकारी दी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सुरक्षा, सीआरपीएफ की 180 कंपनियाँ, जैमर, आरएफआईडी तकनीक और मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।

यात्रा दो मार्गों से होती है – पहलगाम (48 किमी) और बालटाल (14 किमी)। पहलगाम मार्ग लंबा लेकिन आसान है, जबकि बालटाल मार्ग छोटी पर कठिन चढ़ाई वाला है। पूरे रास्ते में 106 आधार शिविर, भोजन व्यवस्था, और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने भी तैयारियों का निरीक्षण किया। अमरनाथ यात्रा को हिंदू धर्म के सर्वाधिक पवित्र तीर्थों में से एक माना जाता है, जहां श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुँचते हैं।