ट्रैफिक पुलिस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आजसू पार्टी का हस्ताक्षर अभियान संपन्न, राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर:15 मई 2025, गुरुवार को साकची गोलचक्कर, जमशेदपुर में आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व कन्हैया सिंह ने किया और इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम नागरिक शामिल हुए। कन्हैया सिंह ने बताया कि यह अभियान अब समाप्त हो रहा है, लेकिन आंदोलन की यह शुरुआत भर है। ट्रैफिक विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही एक और बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव व पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना होगा अन्यथा आजसू पार्टी उन्हें सुधारने का कार्य करेगी। सहिस ने स्पष्ट कहा कि यह पार्टी आंदोलन की उपज है और झारखंड राज्य के निर्माण में इसकी अहम भूमिका रही है। आजसू पार्टी जमीन से जुड़ी है और जनता के साथ हर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगी।

मुख्य वक्ता संजय मेहता ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के नाम पर आम लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है, और इस व्यवस्था को सुधारने के लिए आजसू पार्टी जनमत लेकर आगे बढ़ेगी। अतिथि अमित महतो ने बताया कि एक माह तक चले इस हस्ताक्षर अभियान ने साबित कर दिया है कि ट्रैफिक व्यवस्था में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है और इसे समाप्त करने के लिए पार्टी अब इसे राज्य स्तरीय आंदोलन का रूप देगी। कार्यक्रम में कन्हैया सिंह, संजय मलाकार, अरुप मल्लिक, मनु महतो, संगीता कुमारी, ललित सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।