रंभा शैक्षणिक संस्थान में दुर्गोत्सव का भव्य आयोजन, मां दुर्गा के नौ रूपों की अद्भुत प्रस्तुति।

न्यूज टेल डेस्क : रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह में आज दुर्गोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों का सजीव चित्रण कर प्रत्येक रूप का विस्तृत परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और दुर्गा स्तुति के वाचन के साथ हुई। इसके बाद गरबा नृत्य और पारंपरिक धुनुची नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

प्रेरणादायी संबोधन में शक्ति और एकजुटता का संदेश
इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. कल्याणी कबीर ने सभी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शक्ति तभी पूजनीय है जब वह समाज के कल्याण में प्रयुक्त हो। उन्होंने विद्यार्थियों से आंतरिक शक्ति को पहचानने और विपरीत परिस्थितियों से जूझने का संकल्प लेने का आह्वान किया। संस्थान के अध्यक्ष राम बचन ने कहा कि त्योहार समाज और परिवार में एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम हैं। वहीं सचिव गौरव बचन ने कहा कि मां दुर्गा की पूजा स्त्री शक्ति और सम्मान का प्रतीक है, जो सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद आवश्यक है।
छात्राओं और विभागों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में बी.एड., नर्सिंग, स्नातक, फार्मेसी, ए.एन.एम. और जी.एन.एम. विभाग के व्याख्याताओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दुर्गा माता के नौ रूपों की प्रस्तुति छात्राएं मोनालिसा, पुष्पा, अंजूता, भारती, अंजलि, कंचन, सरोजिनी, अलका और रीमा ने दी। दुर्गा सप्तशती का पाठ सविता, ऐश्वर्या और रेशमी ने किया। कार्यक्रम का संचालन नीतू और निवेदिता ने किया, जबकि नर्सिंग विभाग के विद्यार्थी भूमिका टुबिड, रानी राउत, जुलियानी सिंकू, यशोदा महतो, वर्षा गोंड, रौशन, मनोहर, शिव और आदित्य ने विशेष योगदान दिया। यह आयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर मोनीषा संतरा और रश्मि लुगून के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।