जमशेदपुर में राज्य स्तरीय वन खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ।
1 min read
न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वन विभाग की ओर से तीन दिवसीय झारखंड राज्य स्तरीय वन खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस अवसर पर वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ पारंपरिक छऊ नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

छह जोन से प्रतिभागियों की भागीदारी, राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी भी शुरू
इस प्रतियोगिता में पूरे झारखंड को छह जोन में बांटा गया है, जिसमें वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भाग ले रहे हैं। अशोक कुमार ने बताया कि यह आयोजन वन विभाग की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने जानकारी दी कि नवंबर में देहरादून में राष्ट्रीय वन खेल प्रतियोगिता होगी, जिसमें झारखंड के चयनित खिलाड़ी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।