जमशेदपुर में होगा रामार्चा पूजा का भव्य आयोजन, मिलेगा हजार अश्वमेध यज्ञों के बराबर फल
1 min read
जमशेदपुर,आनंद सिंह:जमशेदपुर में इस वर्ष 10 जुलाई को भव्य रामार्चा पूजा का आयोजन होने जा रहा है, जिसका नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय कर रहे हैं। यह पूजा इस वर्ष अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, रामार्चा पूजा का महत्व इतना अधिक है कि इसे एक हजार अश्वमेध यज्ञों के समान फलदायी माना गया है। यह पूजा भगवान राम, उनके सहयोगियों, राजा दशरथ सहित समस्त 33 कोटि देवी-देवताओं की उपासना के साथ सम्पन्न होती है।

पूजा आयोजन विधायक राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर होगा, जिसकी तैयारियाँ कई हफ्तों से जारी हैं। केले के थमों से मंडप बनाकर, चांदनी और फूल-मालाओं से उसे सजाया जाता है। पूजा की सम्पूर्ण प्रक्रिया विनोद पांडेय जी की देखरेख में होती है। 10 जुलाई को रामार्चा पूजा सम्पन्न होगी, जबकि 11 जुलाई को रुद्राभिषेक और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

इस महाप्रसाद की खासियत होती है बक्सर के कारीगरों द्वारा बनाई गई हाथीकान पूड़ी, जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करती है।सरयू राय बताते हैं कि वर्ष 2001 से निरंतर यह पूजा आयोजित की जा रही है और अब जमशेदपुर के लोगों के मन में यह आयोजन गुरु पूर्णिमा और श्रावण मास की शुरुआत से जुड़ गया है। इस पूजा का उद्देश्य भगवान राम के मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठ जीवन को समाज में आत्मसात करना है। भगवान राम के साथ विभीषण, जाम्बवंत, अंगद, माता काली और भगवान शिव की भी पूजा इस अनुष्ठान का अहम हिस्सा होती है।