February 3, 2026

NEWS TEL

NEWS

राजेंद्र विद्यालय में ‘फेस्टिवा’ का भव्य आगाज़, 1500 छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा पहला दिन

1 min read

जमशेदपुर: नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का चौथा वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” का पहला दिन रविवार, 2 फरवरी को राजेंद्र विद्यालय के सभागार में हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तीनों शाखाओं—किताडीह, परसुडीह और बिरसानगर तथा मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नेताजी संस्था समूह के प्रधान एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह, उनकी धर्मपत्नी एवं नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रबंध निदेशक श्रीमती विभा सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के पश्चात बच्चों ने गणेश वंदना, सांस्कृतिक, क्षेत्रीय, बॉलीवुड और देशभक्ति नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।छात्रों ने लघु नाटकों के माध्यम से वृद्धाश्रम की कटु सच्चाई, महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं दादा-दादी और नाना-नानी के सम्मान में प्रस्तुत भावनात्मक नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को भावविह्वल कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान चारों शाखाओं में अकादमिक एवं उपस्थिति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके ही बड़े-बुजुर्गों के हाथों पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिसे अभिभावकों ने एक सराहनीय और अनूठी पहल बताया।इस वर्ष से एक नए पुरस्कार “उड़ान” की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन प्रदान करना है। “उड़ान” पुरस्कार के पहले वर्ष में मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर को सात, परसुडीह शाखा को तीन और बिरसानगर शाखा को दो पदक प्राप्त हुए। इसके अंतर्गत नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक की सभी शाखाओं के पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।आयोजकों के अनुसार वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” के दूसरे दिन, 3 फरवरी को पोखारी, बारीडीह, कदमा और गोविंदपुर शाखाओं के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.