November 3, 2025

NEWS TEL

NEWS

मानगो पेयजल परियोजना में साजिश की बूः सरयू राय

सरयू राय ने अधिकारियों पर उठाए सवाल, कानून व्यवस्था पर भी जताई चिंता

जमशेदपुर:जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरने में शामिल होकर मानगो पेयजल परियोजना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 125 करोड़ की इस परियोजना में भारी अनियमितता और अंदरूनी साजिश की बू आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वे कौन लोग हैं जो वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों को जमीन पर लागू नहीं होने दे रहे हैं? श्री राय ने स्पष्ट कहा कि परियोजना को जानबूझकर असफल करने की कोशिश की जा रही है।

सरयू राय ने बताया कि मानगो के 75% घरों में पानी नहीं आ रहा और विभाग के मोटर तक जले हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, पर ज़मीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हो रहा। कुछ लोगों का ऐसा नेटवर्क है जो जब चाहे पानी रोक देते हैं और जब चाहे चालू कर देते हैं। इस पूरे नेटवर्क को बदलने की जरूरत है, तभी मानगो की जनता को राहत मिल सकती है।

कानून व्यवस्था पर भी सरयू राय ने चिंता जताई और कहा कि जमशेदपुर पुलिस को अपना इकबाल बुलंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और छिनतई की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। धरने में हजारों लोगों की मौजूदगी रही और एनडीए गठबंधन के तमाम दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.