नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
1 min read
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जमशेदपुर:नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा इकाई में शामिल झारखंड होम गार्ड स्क्वाड के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी।

एनएसपीएस पोखारी के बैंड दल द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से भरपूर बैंड वादन ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत की विविध संस्कृति, एकता और अखंडता का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शैक्षणिक व प्रशासनिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है और युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। वहीं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने शिक्षा को लोकतंत्र की मजबूत नींव बताते हुए अकादमिक उत्कृष्टता और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने की बात कही।

कार्यक्रम को कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, मुख्य वित्त अधिकारी वाई. ज्योति, एनएसपीएस राखामाइंस की प्राध्यापिका वाई. माँगा लक्ष्मी और मुख्य मार्केटिंग अधिकारी तनवीर आलम ने भी संबोधित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे पूरे विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और गर्व का माहौल व्याप्त हो गया।