अक्षर इंटरनेशनल स्कूल में 3 दिवसीय निःशुल्क टीचर ट्रेनिंग कार्यशाला शुरू, ग्रामीण छात्राओं को मिल रहा कौशल विकास का अवसर
1 min read
जमशेदपुर: शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। अक्षर इंटरनेशनल स्कूल और जमशेदपुर वुमेंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल परिसर में तीन दिवसीय निःशुल्क टीचर ट्रेनिंग कार्यशाला की शुरुआत की गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम में केरुआ डुंगरी गांव की 50 से अधिक इंटरमीडिएट स्तर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को प्ले स्कूल टीचर ट्रेनिंग के साथ-साथ कला, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्म-परिचय और कंप्यूटर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। यह प्रशिक्षण 4 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। आयोजन समिति की ओर से प्रतिभागियों के लिए परिवहन, भोजन और प्रमाण पत्र की भी व्यवस्था की गई है। छात्राओं ने इस पहल को रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

