25 साल का गौरव: आर.एम.एस. हाई स्कूल खुटाडीह में 5 अप्रैल को भव्य सिल्वर जुबली गाला
1 min read
जमशेदपुर: सोनारी स्थित आर.एम.एस. हाई स्कूल खुटाडीह में 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा पूरी होने पर सिल्वर जुबली समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में भव्य गाला इवेंट आयोजित होगा। इस मौके पर अध्यक्ष संजय केडिया समेत प्रबंधन समिति के कई सदस्य और प्राचार्या डॉ. परिनिता शुक्ला मौजूद रहीं। वर्ष 2001 में स्थापना के समय 37 छात्रों से शुरू हुआ यह विद्यालय आज सीबीएसई से संबद्ध 10+2 अंग्रेजी माध्यम संस्थान बन चुका है, जिसमें 1,394 छात्र अध्ययनरत हैं। शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी स्कूल ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जहां कई छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुनीता सुबोधजी और विशिष्ट अतिथि सौरभ तिवारी शामिल होंगे, जबकि करीब 210 छात्र-छात्राएं नृत्य, संगीत और नाटक के माध्यम से विद्यालय की गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा को प्रस्तुत करेंगे।

